Followers

20.12.20

पवन शर्मा की लघुकथा - " जागृति "

 





                                        जागृति

 

लालटेन हाथ में पकड़े बड़ी मूँछ वाला उसके आगे चल रहा था | पीछे दो और व्यक्ति थे | लालटेन की पीली रोशनी में उन चारों के पाँव के उठने और गिरने की छाया बन और बिगड़ रही थी | पथरीली ढलान वाले रास्ते को पार कर वे एक मकान में घुस गए | पुनः बड़ी सी दालान पार कर वे हॉल में आ गए | पेट्रोमेक्स की रोशनी में बेलजीभाई को देखकर वह विस्मित हो गया |

          बेलजीभाई को घेरे तीन व्यक्ति और बैठे थे |

          ‘ आओ बिसराम भाई ... बैठो ... बड़ी देर से तुम्हारी राह देख रहे हैं हम | ’ बेलजीभाई ने कहा |

          वह एक खाली कुर्सी पर बैठ गया और बोला , ‘ क्यों याद किया हमको ? ’

          बेलजीभाई मुस्कराए , ‘ चुनाव नजदीक हैं ... हम फिर इस बार चुनाव लड़ रहे हैं | ’ बेलजीभाई अपने गंजे सिर पर हाथ फिराते हैं , ‘ आदिवासी – हरिजनों के सारे वोट हमें मिलने चाहिएँ | ’

          बेलजीभाई की बात सुनकर वह चुप रहता है | पैट्रोमेक्स की रोशनी लप – लप कर रही थी |

          बेलजीभाई उसकी चुप्पी देख कहते हैं , ‘ हम जानते हैं कि तुम्हारे बाप का प्रभाव आस – पास के दस – बारह गाँवों पर है | तुम्हारा बाप जिधर कहेगा , उधर ही बोट डलेंगे | हम हारना नहीं चाहते | दिल्ली जाकर फिर से राज करना चाहते हैं | ’

          वह फिर चुप रह गया | उसे चुप देख बेलजीभाई अपनी गोटी बिठाने की कोशिश करते है , ‘ हम वायदा करते हैं बिसराम भाई कि ... | ’

          बेलजीभाई की बात पूरी भी नहीं हो पाई कि वह न जाने किस जुनून में चीख उठता है , ‘ मत करो हम आदिवासियों से झूठे वायदे ... विस्थापितों को नौकरी दिलवायेंगे ... पानी का प्रबंध करेंगे ... सड़क बनवायेंगे ... स्कूल खोलेंगे ... कहते – कहते वह हाँफने लगा ... ‘ पिछली बार भी वायदा किया था ... क्या हुआ ... कुछ भी नहीं ... हम जहाँ थे ... वहीँ रहे ... हाँ , तुमको जरुर हमने दिल्ली पहुँचा दिया था | ’

          बेलजीभाई फटी – फटी आँखों से उस एम. ए. पास आदिवासी युवक को देख रहे थे | वह लम्बे – लम्बे डग भरता हॉल से बाहर निकल गया | **  


                     - पवन शर्मा 

                                        श्री नंदलाल सूद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय

                                        जुन्नारदेव , जिला – छिंदवाड़ा ( मध्यप्रदेश )

                                        फोन नम्बर –   9425837079

                                                                                Email –    pawansharma7079@gmail.com   


------------------------------------------------------------------------------------------------------

संकलन – सुनील कुमार शर्मा , जवाहर नवोदय विद्यालय , जाट बड़ोदा , जिला – सवाई माधोपुर ( राजस्थान ) , फोन नम्बर – 9414771867.

 


3 comments:

  1. धन्यवाद सुनील जी.

    ReplyDelete
  2. आपमें याक कह कर मेरा उत्साहवर्धन किया है |आप जैसे साहित्यकार पाकर यह ब्लॉग धन्य हुआ है |धन्यवाद |

    ReplyDelete
  3. अच्छा ही नहीं सच्चा प्रसंग है |

    ReplyDelete

आपको यह पढ़ कर कैसा लगा | कृपया अपने विचार नीचे दिए हुए Enter your Comment में लिख कर प्रोत्साहित करने की कृपा करें | धन्यवाद |